पिथौरागढ़। डीएम ने मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य को पिथौरागढ़ बेस अस्पताल के लिए हल्द्वानी और अल्मोड़ा से आने वाले सामान को जल्द स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएमओ को बेस अस्पताल की सफाई, खाना पकाने आदि कार्य के लिए कर्मचारियों को तैनात करने को कहा।
डीएम रीना जोशी ने मंगलवार को पिथौरागढ़ में बेस अस्पताल के संचालन के लिए अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य अरविंद कुमार बरनौलिया को दो दिन के भीतर मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी और मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा से आवश्यक उपकरण आईसीयू बेड, अल्ट्रासाउंड मशीन, सामान्य बेड, मॉनीटर, डिस्पोजल बेडशीट, डेंटल चेयर, पल्स ऑक्सीमीटर आदि को बेस अस्पताल में स्थापित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि बेस अस्पताल के संचालन के लिए मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा से 20 नर्सें उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कार्यदायी संस्था ब्रिडकुल से बेस अस्पताल के भवन को स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सा शिक्षा विभाग को हैंडओवर करने के लिए भी निर्देश दिए।
डीएम ने पेयजल निर्माण निगम हल्द्वानी के जीएस ओम प्रकाश से फोन पर बात कर मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए डीपीआर बनाने के लिए एक्सपर्ट भेजने को कहा। बैठक में एसडीएम अनुराग आर्य, सीएमओ डॉ. एचएस ह्यांकी, जिला अस्पताल के सीएमएस जेएस नबियाल आदि मौजूद थे।