पिथौरागढ़। जोहार सांस्कृतिक संगठन ने राष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में तीन स्वर्ण पदक विजेता निकिता चंद, काजल फर्स्वाण व दीपा मेहता और रजत पदक विजेता कर्निका कठायत को सम्मानित किया।
शनिवार को जोहार सांस्कृतिक संगठन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में डीएम रीना जोशी ने विजेताओं को प्रतीक चिह्न और उपहार देकर सम्मानित किया। डीएम ने कहा कि जिले में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए योजना बनाई जाएगी। जोहार संगठन के अध्यक्ष भूपाल सिंह बरफाल ने बताया कि मध्यप्रदेश के भोपाल में आयोजित 6वीं महिला राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में मूनाकोट के बडालू निवासी निकिता चंद, विकासखंड मुनस्यारी के ग्राम पंचायत चौना के भदेली तोक निवासी काजल फर्स्वाण और ग्राम पंचायत होकरा निवासी दीपा मेहता ने स्वर्ण पदक जीता था।
इसके अलावा विकासखंड कनालीछीना के ग्राम पंचायत डौड़ा निवासी कर्निका कठायत ने रजत पदक जीता है। कार्यक्रम को निकिता चंद और नेशनल चैंपियन दीपा मेहता ने भी संबोधित किया। वहां मीना मल, चंद्र सिंह कठायत, आशा देवी कठायत, कमला मेहता, जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रताप सिंह, बॉक्सिंग कोच एशियन मेडलिस्ट कै. देवीचंद, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष लक्ष्मी भट्ट, ईई जल निगम रंजीत सिंह धर्मशक्तु, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक कविता भगत आदि मौजूद रहे।
फोटो विवरण-15पीटीएच 14पी- पिथौरागढ़ में डीएम ने राष्ट्रीय बाॅक्सिंग में स्वर्ण और रजत पदक विजेताओं को सम्मानित किया। संवाद