डीडीहाट (पिथौरागढ़)। चार माह से बारिश नहीं होने से डीडीहाट में जल संकट गहराने लगा है। कई क्षेत्रों में एक दिन छोड़कर पानी दिया जा रहा है। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
डीडीहाट में थल की रामगंगा नदी से पानी की सप्लाई होती है। नदी में बने टैंक में भी पानी की कमी होने से पानी का संकट गहरा गया है। डीडीहाट नगर क्षेत्र में रोजाना 2.5 एमएलडी पानी की जरूरत होती है। लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण जल स्तर घटने लगा है। जलस्तर में भारी कमी होने से वर्तमान में डीडीहाट में 1.0 एमएलडी पानी ही मिल रहा है। डीडीहाट के लिए बनी पुरानी योजना के स्रोत भी सूख चुके हैं। इस वजह से पुरानी योजना से पानी नहीं मिल पा रहा है।
इस कारण पानी की आपूर्ति प्रभावित होने लगी है। जल संस्थान ने भी अब प्रतिदिन आपूर्ति करने के बजाय एक दिन छोड़कर पानी की आपूर्ति करना शुरू कर दिया है। बारिश नहीं होने से ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोग नौले-धारों से पानी जुटाने के लिए मजबूर हो रहे हैं।
.............इनसेट कोट
चार माह से बारिश नहीं होने के कारण जल स्तर घट गया है। डीडीहाट की पुरानी पेयजल योजना के स्रोत भी अब पूरी तरह से सूख चुके हैं। इसके चलते पानी की आपूर्ति में कटौती की गई है। कुछ वार्ड में एक दिन छोड़कर पानी दिया जा रहा है। बारिश होने के बाद स्थिति सामान्य हो जाएगी।
अवधेश कुमार, ईई जल संस्थान डीडीहाट।