पिथौरागढ़। लंपी बीमारी दोबांस और कुनकटिया क्षेत्र के पशुओं में भी फैल गई है। क्षेत्रवासियों ने बीमारी से बचाव के लिए टीकाकरण करने की मांग की है।
दोबांस के साथ ही कुनकटिया, बांस, सिमलखेत, देवपुरी, बोरागाड़ा, कोल्दा, चौपाता, रिठाखानी, कल्हल्दा, परालथाम, धूरा, जिबलाखाली, ज्ञानपुर, सैनखाल, ख्योरो, कट्यौला, कपड़खोला तोकों में लोग पशुपालन से जुड़े हैं। अधिकांश परिवार दूध, घी बेचकर गुजर बसर करते हैं। दोबांस के क्षेत्र पंचायत सदस्य खीमराज जोशी ने बताया कि अभी तक यहां टीकाकरण नहीं हुआ है। दुधारु जानवर लंपी बीमारी की चपेट में आते जा रहे हैं। इससे पशुपालकों की चिंता बढ़ने लगी है। उन्होंने डीएम रीना जोशी को ज्ञापन सौंपकर टीकाकरण के लिए पशुपालन विभाग को निर्देशित करने की मांग की है।
किसान कांग्रेस कमेटी के पिथौरागढ़ जिलाध्यक्ष सुशील कुमार पांडेय ने लंपी बीमारी के फैलने पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा है कि लंपी बीमारी पर राज्य सरकार कतई गंभीर नहीं है। इस बीमारी ने किसानों की कमर तोड़कर रख दी है। उन्होंने कहा है कि कई पशु अस्पतालों में स्टाफ नहीं है। उन्होंने सरकार से स्टाफ की तैनाती कर शीघ्र लंपी बीमारी पर अंकुश लगाने की मांग की है।
...............
कालाकोट में लंपी से एक दुधारू गाय और बैल की मौत
थमने का नाम नहीं ले रहा लंपी वायरस का प्रकोप
संवाद न्यूज एजेंसी
लोहाघाट (चंपावत)। ग्रामीण क्षेत्रों में जानवरों में लंपी वायरस का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार लोगों के दुधारू गायों, बैलों की मौत हो रही है। पशुपालन विभाग के तमाम प्रयास भी लंपी रोग से पीड़ित जानवरों का जीवन बचाने में नाकाफी साबित हो रहे हैं।
बाराकोट ब्लाक के ग्राम सभा गल्लागांव के कालाकोट तोक के उमेश कालाकोटी ने बताया मनोज कुमार की दुधारू गाय और केशव राम के बैल की मौत हो गई है। कई जानवर गांव में अभी भी बीमार हैं। कहा कि पशुपालकों की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर है। दूध बेच कर अपने परिवार का भरण पोषण करते थे। जानवरों की मौत से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। ग्राम प्रधान रंजीत सिंह, दीपक कुमार, किरन कुमार, सुनीता देवी, उषा देवी, मुन्नी देवी ने सरकार और जिला प्रशासन से पशुपालकों को मुआवजा देने और टीकाकरण अभियान में तेजी लाने की मांग की। नगर से लगे रायनगरचौड़ी, सुई, फोर्ती, बलाई, बिशुंग, नेपाल सीमा से लगे गांवों कई मवेशी भी लंपी वायरस की चपेट में हैं। संवाद
बाक्स
लंपी वायरस की रोकथाम के लिए उठाएं जाए प्रभावी कदम
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने पशु चिकित्साधिकारी को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
लोहाघाट (चंपावत)। लोहाघाट और बाराकोट क्षेत्र में में जानवरों में तेजी से फैल रहे लंपी वायरस की रोकथाम को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ता पशु चिकित्साधिकारी से मिले। उन्होंने पशुओं का तेज गति से टीकाकरण कर रोग की रोकथाम को लेकर ज्ञापन दिया।
एबीवीपी के प्रदेश सह मंत्री विवेक पुजारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पशु चिकित्साधिकारी डॉ. डीके चंद को ज्ञापन सौंपकर लंपी वायरस की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि लंपी वायरस की चपेट में आने से दर्जनों दुधारू गायों, बैलों की मौत हो चुकी है। लंपी रोग के कारण जहां दुग्ध उत्पादन काफी गिर गया है। डॉ. डीके चंद ने बताया कि लंपी की रोकथाम के लिए विभाग हर गांव में जाकर टीकाकरण कर रहा है और लोगों को बचाव के तरीके भी बता रहा है।