धारचूला जवाहर सिंह नबियाल स्टेडियम में रह रहे नेपाली मजदूर।
- फोटो : AMAR UJALA
धारचूला/पिथौरागढ़। नेपाल सरकार ने कोरोना की आशंका को देखते हुए लॉकडाउन फिर बढ़ा दिया है। रविवार देर शाम 7 मई तक लॉकडाउन बढ़ाने की घोषणा की गई। 10 दिनों के लिए और लॉकडाउन बढ़ा देने से पिथौरागढ़, धारचूला, झूलाघाट में वतन वापसी की उम्मीद लगा रहे 1250 से अधिक नेपाली नागरिकों की चिंता फिर बढ़ गई है।
काली नदी में बने अंतर्राष्ट्रीय झूला पुलों के बंद होने से पिथौरागढ़ जिले में 1250 से अधिक नेपाली नागरिक फंसे हुए हैं। इन शिविरों में रह रहे नागरिकों को उम्मीद थी कि 27 अप्रैल को लॉकडाउन पूरा होने के बाद 28 अप्रैल को वे सभी नेपाल लौट सकेंगे, लेकिन 26 अप्रैल की देर शाम नेपाल सरकार की ओर से फिर से लॉकडाउन दस दिनों के लिए बढ़ाने की घोषणा हुई। नेपाल सरकार ने अब तक पांच बार लॉकडाउन की तिथि बढ़ाई है। पहले 23 मार्च से 31 मार्च, दूसरी 31 मार्च से सात अप्रैल, तीसरी सात से 15 अप्रैल और चौथी 15 से 27 अप्रैल। अब पांचवीं बार सात मई तक के लिए लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है।