चंपावत। विजयादशमी पर छतार वार्ड स्थित शहीद स्वर्गीय शिरोमणि चिलकोटी चिल्ड्रन पार्क में बच्चों ने रावण का पुतला बनाकर दहन किया। बच्चों ने कई दिनों की मेहनत से पुतला तैयार किया। दशहरे की शाम वैदिक रीति-रिवाजों और जयकारों के बीच रावण दहन किया गया। बड़ों के मार्गदर्शन में पूरी जिम्मेदारी बच्चों ने संभाली। रावण दहन के बाद बच्चों ने एक-दूसरे को गले लगाकर विजयादशमी की बधाई दी और बड़ों का आशीर्वाद लिया। बच्चों ने देशभक्ति के नारे भी लगाए। यह पार्क 1965 के युद्ध में वीरगति को प्राप्त लांस नायक शिरोमणि चिलकोटी को समर्पित है। स्थानीय लोगों ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आपसी भाईचारे, संगठन और परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना बढ़ाते हैं। कार्यक्रम के अंत में बच्चों और ग्रामीणों को प्रसाद वितरित किया गया। बच्चों के उत्साह ने आयोजन को खास बना दिया।