पिथौरागढ़। जिले की जीवन रेखा घाट-टनकपुर एनएच दिल्ली बैंड के पास बंद होने से रोडवेज के पिथौरागढ़ डिपो को तीन दिन में चौबीस लाख रुपये से अधिक का नुकसान उठाना पड़ा है। रोडवेज निगम मुश्किल से दो-तीन बसों का संचालन वाया सेराघाट देहरादून, दिल्ली के लिए किया जा रहा है।
उत्तराखंड परिवहन निगम पिथौरागढ़ डिपो से विभिन्न रूटों के लिए रोज 20 बसों का संचालन करता है। यह बसें गुरुग्राम, दिल्ली, देहरादून, बरेली, धारचूला, झूलाघाट क्षेत्रों तक जाती हैं लेकिन बारिश के कारण बसों का संचालन तीन बसों तक सिमट गया है। इस कारण पिछले तीन दिन में रोडवेज परिवहन निगम को चौबीस लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है।
एआरएम रविशेखर कापड़ी ने बताया कि रोज 20 बसों के बजाय पिछले तीन दिन से दिल्ली और देहरादून के लिए वाया सेराघाट दो-तीन बसों का संचालन किया जा रहा है। रोडवेज को 20 बसों के संचालन से रोज करीब 10,50,000 रुपये की आय होती है लेकिन मौसम ने निगम का राजस्व घटा दिया। बारिश लगातार होती रही तो यह नुकसान और अधिक बढ़ सकता है।