पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय में लगातार यातायात का दबाव बढ़ता जा रहा है। यातायात का दबाव बढ़ने के बाद यहां पर करीब तीन बहुमंजिली पार्किंग की जरूरत महसूस होने लगी है। नगर में दबाव बढ़ने का मुख्य कारण बाहरी जिलों से सामान से भरे ट्रकों और अन्य भारी वाहनों के सिर्फ एक बाईपास होने के कारण नगर के बीच से गुजरने और नगर में पार्किंग के अभाव में सड़कों के किनारे खड़े आड़े तिरछे वाहन हैं। जल्द यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए पार्किंग नहीं बनाई गई तो भविष्य में स्थिति गंभीर हो सकती है क्योंकि समय के साथ वाहनों की संख्या बढ़ती जा रही है।
पिथौरागढ़ में इक्कीस करोड़ अस्सी लाख रुपये की लागत से देवसिंह मैदान के पास बनी बहुमंजिली पार्किंग से कुछ राहत जरूर मिली है। इस पार्किंग में प्रतिदिन करीब 250 प्राइवेट और टैक्सी वाहन पार्क हो रहे हैं। नगर में लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास उनहत्तर करोड़ रुपये की लागत से बहुमंजिली पार्किंग प्रस्तावित है। इसमें छोटे बड़े 448 वाहन पार्क हो सकते हैं। इसमें करीब 373 कारें, 66 दोपहिया वाहन और नौ बसें पार्क हो सकतीं हैं।
केएमओयू स्टेशन के पास अठारह करोड़ रुपये की लागत से 100 वाहनों की पार्किंग और महिला अस्पताल के पास नगर पालिका के पार्क में करीब 30 वाहनों को पार्क करने के लिए पार्किंग प्रस्तावित है। लंबे समय से इन नई पार्किंगों के निर्माण के लिए कोई विशेष पहल शुरू होते नहीं दिख रही है। इस कारण नगर की यातायात व्यवस्था काफी प्रभावित हो रही है। पालिका के ईओ राजदेव जायसी का कहना है कि दोनों पार्किंगों का निर्माण ब्रिडकुल की ओर से किया जाना है। इसलिए सारे प्रपत्र ब्रिडकुल को सौंपे जा चुके हैं।
बरातघर स्वामियों के पास पार्किंग नहीं
पिथौरागढ़। नगर में 20 से 25 बरातघर हैं। कुछ ही बरातघर स्वामियों के पास पार्किंग की सुविधा है लेकिन अधिकतर बरातघर स्वामियों के पास वाहनों की पार्किंग के लिए कोई सुविधा नहीं है। बरातों के सीजन में पिथौरागढ़ नगर की सड़कों पर जाम की समस्या सबसे ज्यादा बनी रहती है।
एकमात्र पंडा बाईपास की स्थिति खराब
पिथौरागढ़। टनकपुर, हल्द्वानी सहित कई अन्य क्षेत्रों से आने वाले बड़े वाहन कुमौड़ से कैंट रोड होकर पंडा बाईपास पर प्रवेश करते हैं। चटकेश्वर मंदिर गेट के पास से पंडा बाईपास सड़क की स्थिति काफी खराब है। इससे उन्हें काफी दिक्कत होती है। बाईपास के खराब होने से छोटे वाहन चालक बाईपास से जाना पसंद नहीं करते हैं। पूर्व डीएम नीरज खैरवाल के प्रयासों से नगर की सड़कों पर अतिक्रमण को हटाकर सड़कों का कार्य किया गया जिसके बाद लोगों को काफी राहत मिली। पार्किंग के अभाव में लोग अपने वाहनों को सड़कों के किनारे पार्क करते हैं। इस कारण चौड़ी सड़कें सिंगल लेन बनने से छुटपुट जाम लगा रहता है।
ऐंचोली-सल्मोड़ा बाईपास बनने से मिलेगी राहत
पिथौरागढ़। ऐंचोली से सल्मोड़ा के लिए करीब 17 किमी लंबा बाईपास स्वीकृत है। लंबे समय से इस बाईपास का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। बाईपास निर्माण में पर्यावरण को हो रहे नुकसान में कमी लाने के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित की गई थी। इसने एनएच से पेड़ों का कटान कम करके लिए बाईपास की चौड़ाई घटाने और टनल प्रस्तावित करने के निर्देश दिए थे। अब नये सिरे से डीपीआर बनाई जा रही है।
पिथौरागढ़ में अप्रैल से नवंबर तक पंजीकृत वाहन
टैक्सी मैक्सी 4351 बस 378 कार 10.162
बाइक, स्कूटर 39049
बड़े मालवाहक वाहन (एचजीवी) 1680
तीन हजार से केजी से ऊपर के वाहन (एलजीवी) 244
कुल वाहन 55864
लक्ष्मी नारायण मंदिर और केएमओयू स्टेशन के पास पार्किंग के निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजे गए हैं। शासन से अभी स्वीकृति नहीं मिली है। जैसे ही धन मिलेगा निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। - रीना जोशी, डीएम, पिथौरागढ़।