पिथौरागढ़ के रोड़ा गांव में पिंजरे में कैद तेंदुआ। स्रोत: जागरूक पाठक
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ वन प्रभाग के जाख क्षेत्र के रोड़ा गांव में सोमवार सुबह एक तेंदुआ तारबाड़ में फंस गया। तेंदुए को देखने के लिए आसपास के ग्रामीणों की मौके पर भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने ट्रैंकुलाइज कर तेंदुए को काबू में किया।
रोड़ा गांव में खेतों के किनारे तेंदुआ फंसने की सूचना ग्रामीणों ने पूर्व जिपं अध्यक्ष वीरेंद्र बोहरा को दी। बोहरा की सूचना पर एसडीओ ज्वाला प्रसाद टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने तेंदुए को बेहोश कर पिंजरे में कैद किया। बाद में उसे रेंज कार्यालय लाया गया। पशुपालन विभाग की टीम ने तेंदुए का इलाज किया। रेंजर पीएस देउपा ने बताया कि तेंदुआ मादा है। उसकी उम्र छह-सात साल की बताई जा रही है। तेंदुए को सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा। प्रभागीय वनाधिकारी जीवन मोहन दगाड़े ने बताया कि तेंदुआ सुरक्षित है।
ग्रामीणों ने की बंदरों से निजात दिलाने की मांग
पिथौरागढ़। जाख के ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर बंदरों की समस्या से निजात दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि बंदर उनकी खेती और बागवानी को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे किसानों को काफी नुकसान हो रहा है। सोमवार को जाख के ग्रामीण कलक्ट्रेट पहुंचे और डीएम रीना जोशी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने कहा कि जाख क्षेत्र में बंदरों की समस्या से लोग परेशान हैं। बंदरों ने उनकी बागवानी और खेती को उजाड़ दिया है। इससे किसानों को काफी नुकसान हो रहा है। लगातार हो रहे नुकसान से कई किसानों ने खेती करना छोड़ दिया है कई लोग पलायन कर चुके हैं। उन्होंने बंदरों को पकड़कर चिड़ियाघर भेजने की मांग की है। वहां पूर्व जिला महामंत्री भाजयुमो योगेश भट्ट, रेखा देवी सहित आदि मौजूद रहे। संवाद