अस्कोट (पिथौरागढ़)। खोलिया गांव के गोलथल में बृहस्पतिवार रात आठ बजे तेंदुआ आने से ग्रामीण दहशत में आ गए। ग्रामीणों ने गोशाला की ओर जा रहे तेंदुए को कनस्तर बजाकर भगाया। गोलथल तोक के इंद्र बहादुर, प्रेम सिंह, जगदीश सिंह, शाहिद ने बताया कि तेंदुआ आने से लोग सहम गए। क्षेत्र के सांवलीसेरा, डूंगरा गांव में भी लोगों में तेंदुए की दहशत है। यहां तेंदुआ कई जानवरों को मार चुका है। घर के आंगन में एक बच्ची पर भी हमला कर चुका है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त करने की मांग की है। संवाद
मानव वन्यजीव संघर्ष रोकने का आह्वान
पिथौरागढ़। वन विभाग की ओर से मानव वन्यजीव संघर्ष रोकने के लिए नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है। इसके तहत प्रकृति के संरक्षण के लिए लोगों से आगे आने का अनुरोध किया जा रहा है। वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं रोकने के लिए एसडीओ ज्वाला प्रसाद गौड़ ने पुनेड़ी क्षेत्र में ग्रामीणों को जागरूक किया। टीम ने नाटक के जरिये बताया कि मानव विकास के नाम पर पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों को मैती आंदोलन के बारे में भी बताया। संवाद