गणाई गंगोली (पिथौरागढ़)। हाईकोर्ट ने भाड़गड़ा पभ्या फड़ियाली सड़क निर्माण की कार्यवाही में हो रही ढिलाई पर लोक निर्माण विभाग से चार सप्ताह के भीतर रिपोर्ट मांगी है। गणाई गंगोली क्षेत्र की यह सड़क वर्ष 2016 में स्वीकृत हो गई थी। 10 किमी लंबी इस सड़क से हजारों की आबादी को यातायात सुविधा का लाभ मिलता लेकिन आज तक इस सड़क का निर्माण शुरू नहीं हुआ है। ग्रामीण लगातार सड़क निर्माण की मांग उठाते रहे हैं। इसके बावजूद कोई ध्यान नहीं दिए जाने से लोगों को पैदल ही आवागमन करना पड़ रहा है। इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता पूरन राम आगरी ने हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट ने सड़क निर्माण के संबंध में लोक निर्माण विभाग को चार सप्ताह के भीतर अब तक की गई कार्यवाही से न्यायालय को अवगत कराने के लिए निर्देशित किया है। संवाद