फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pithoragarh News: फूल, अक्षत से शांत हुआ लखिया का रोष, सबको दिया आशीर्वाद

Mon, 04 Sep 2023 11:30 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय स्थित कुमौड़ में हिलजात्रा देखने के लिए लोगों का जन सैलाब उमड़ पड़ा। लखिया के रोष को शांत करने के लिए महिलाओं ने फूल और अक्षत चढ़ाए। रोष शांत होने पर लखिया ने भी खुश होकर लोगों को आशीर्वाद दिया। लखिया को देखने के लिए करीब 25 हजार से ज्यादा लोग पहुंचे थे।
विज्ञापन

हिलजात्रा देखने के लिए दोपहर से ही कुमौड़ मैदान में दर्शक उमड़ने लगे थे। दोपहर बाद सबसे पहले मैदान में झाड़ू और घोड़े वाला आया। इसके बाद एक-एक कर गल्या बल्द, बड़ी नेपाली हल, छोटी हल, पुतारियां, दही वाला आदि पात्र आते रहे। रंग-बिरंगे मुखौटों में सजे पात्रों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इनके बाद कुमौड़ के ऊपरी छोर से जैसे ही लाल-काली पट्टियों वाली काली पोषाक, डरावने मुखौटे, हाथों में चंवर और गले में घंटी बांधे लखिया भूत का पात्र मैदान की ओर बढ़ने लगा तो चारों ओर सन्नाटा पसर गया।
ढोल-नगाड़ों की धुन पर पीछे से लखिया को लोहे की जंजीरों से दो विकराल गण पकड़े हुए थे। उन्हें लखिया को काबू करने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। लखिया ने पूरे आवेश में मैदान का एक चक्कर लगाया। उनके रोष को कम करने के लिए लोगों ने फूल, अक्षत चढ़ाते हुए क्षमा याचना की। रोष शांत होने के बाद लखिया ने लोगों को सुख, समृद्धि और धन-धान्य का आशीर्वाद दिया। इसके बाद लखिया अपने स्थान को रवाना हो गया।
विज्ञापन

लखिया के जाते ही हिलजात्रा के अन्य पात्र भी एक-एक कर चले गए। इस मौके पर जिपं अध्यक्ष दीपिका महर, पालिकाध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत, हिलजात्रा महोत्सव समिति के अध्यक्ष गोपू महर, यशवंत महर, किरन महर, राजेंद्र महर, कुंडल महर, चंद्र सिंह महर समेत डीएम रीना जोशी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

यह रहे हिलजात्रा के पात्र
पिथौरागढ़। लखिया की भूमिका में महेंद्र सिंह महर, गण पवन सिंह महर व बलराज महर रहे। गल्या बल्द निखिल महर, हलिया जितेंद्र महर, बड़ी नेपाली हल में बल्द गौतम बिष्ट, समीर दिगारी और हलिया कैलाश दिगारी रहे। छोटी हल में बल्द मनोज महर, प्रकाश महर जबकि हलिया दीपक मेहता रहे।

बाजार में पसरा रहा सन्नाटा
पिथौरागढ़। कुमौड़ में हिलजात्रा देखने के लिए 25 हजार से अधिक लोग लोग उमड़े। दोपहर बाद से ही बाजार में सन्नाटा पसरने लग गया था। लोग हाथों में छाता लिए हिलजात्रा देखने बैठे रहे। घरों की छतों पर भी दर्शकों का जमावड़ा लगा रहा।

शांति व्यवस्था को भारी पुलिस बल तैनात
पिथौरागढ़। हिलजात्रा को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया था। टनकपुर-हल्द्वानी से आने वाले वाहन ऐंचोली में रोके गए। धारचूला और झूलाघाट से आने वाले वाहनों को एपीएस मार्ग पर रोका गया था। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सौ से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की तैनाती की गई थी।

गल्या बल्द रहा आकर्षण का केंद्र

थल (पिथौरागढ़)। ग्राम सभा लोहाकोट में हिलजात्रा का आयोजन किया गया। हिलजात्रा का मुख्य आकर्षण का केंद्र गल्या बल्द रहा। लोगों ने गल्या बल्द का आशीर्वाद लिया। ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष दानू कन्याल ने हिलजात्रा के सफल आयोजन के लिए सभी का आभार जताया। हिलजात्रा संपन्न कराने में मनमोहन कन्याल, नरेंद्र सिंह कन्याल, चंद्र सिंह सामंत, भरत, श्याम सिंह, चंदन, कंचन, जगत, गोकुल आदि ने सहयोग किया।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें