पश्चिमी नेपाल के बैतड़ी, बजांग, डोटी, बाजुरा जिलों में जरूरी सामान की भारी कमी होने लगी है। नेपाल की मंडियों से फास्ट फूड चाउ-चाउ, बिस्कुट, नमकीन जैसा सामान नहीं आ रहा है। नेपाल में तैयार होने वाले सामान की कमी हो गई है, जिन लोगों के पास पहले से सामान मौजूद था, उन्होंने उसे पहले ही डंप कर दिया। अब उसे दोगुनी कीमत में बेच रहे हैं। बैतड़ी के व्यापारी गणेश बोगटी ने बताया कि सामान का अभाव होने से व्यवसाय पर खासा असर पड़ रहा है। पिछले एक महीने से व्यवसाय में 50 फीसदी तक की गिरावट आ गई है। ग्रामीण अंचलों में लोग स्थानीय उत्पादों से ही काम चला रहे हैं। बैतड़ी में डीजल, पेट्रोल और रसोईगैस की भारी कमी हो गई है। लोग इस आशंका में हैं कि यदि नाकेबंदी ज्यादा दिन चलती है तो अकाल की नौबत आ जाएगी। इसका असर इस गरीब देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।