मुनस्यारी में कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि देते लोग।
- फोटो : AMAR UJALA
अमर उजाला ब्यूरो, पिथौरागढ़। मुनस्यारी की दसवीं कक्षा की दुष्कर्म पीड़ित छात्रा के निधन पर सीमांत क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। शुक्रवार की शाम सैकड़ों लोगों ने अपने घर के बाहर कैंडिल जलाकर श्रद्धांजलि दी। ऐसी दुनिया बनाने का आह्वान किया गया, जहां रेप मुक्त समाज हो। जिला पंचायत सदस्य जगत मर्तोलिया के आह्वान पर लोगों ने घरों के आगे कैंडिल जलाकर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि हम इस तरह के कृत्य को चुपचाप देख नहीं सकते। समाज को इसके विरोध में आगे आना चाहिए। मर्तोलिया ने कहा कि श्रद्धांजलि पर हमने कुछ मांगें रखी हैं। जिसमें आरोपी को पुलिस रिमांड में लेकर फिर पूछताछ की जाय, सीओ रैंक के पुलिस अधिकारी से जांच कराई जाय, घटना स्थल को पुलिस अपने कब्जे में लेकर उसकी फॉरेंसिक जांच करे, आरोपी को तत्काल निलंबित किया जाय। उन्होंने कहा कि नाबालिग छात्रा की अंतिम समय में इच्छा थी कि उसके दोषियों को फांसी की सजा दी जाय, इसलिए न्यायायिक प्रकिया शुरु करने की भी मांग की गई है।