पिथौरागढ़। कुमाऊं का पहला स्वचलित ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक और स्वचलित फिटनेस सेंटर पिथौरागढ़ में बनेगा। इसके अलावा यहां ट्रांसपोर्ट कांप्लेक्स का निर्माण भी किया जाएगा। परिवहन विभाग ने शासन को प्रस्ताव बनाकर भेज दिया है। स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू कर दिए जाएगा।
पिथौरागढ़ के मैला (तड़ीगांव) में स्वचलित ड्राइविंग ट्रैक, स्वचलित फिटनेस सेंटर और ट्रांसपोर्ट कांप्लेक्स के निर्माण के लिए परिवहन विभाग ने शासन को 14. 98 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा है। परिवहन विभाग को इसके निर्माण के लिए 125 नाली भूमि पूर्व में हस्तांतरित हो गई थी।
यहां स्वचलित ड्राइविंग ट्रैक बनने के बाद परिवहन विभाग को वाहन लाइसेंस जारी करने में आसानी होगी। इस स्वचलित ड्राइविंग ट्रैक से जांच कर रहे अधिकारियों को वाहन चालक की खामियां आसानी से पता चल सकेगी। वर्तमान में स्वचलित ड्राइविंग ट्रैक नहीं होने से विभाग लाइसेंस जारी करने के लिए सड़क पर वाहन चालकों का परीक्षण लेता है। संवाद
तड़ीगांव में बनेगा परिवहन थाना
पिथौरागढ़। मैला गांव के तड़ीगांव में परिवहन थाने का निर्माण किया जाएगा। यह कुमाऊं का सबसे पहला परिवहन थाना होगा। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद एआरटीओ कार्यालय को मैला में शिफ्ट किया जाएगा। इसके अलावा यहां रोड सेफ्टी चिल्ड्रन पार्क का भी निर्माण किया जाएगा। संवाद
पिथौरागढ़ में स्वचलित ड्राइविंग ट्रैक, ट्रांसपोर्ट कार्यालय, चिल्ड्रन पार्क, परिवहन थाने का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेज दिया है। शासन से स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। - केसी पलड़िया, एआरटीओ पिथौरागढ़।