बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। जीआईसी मैदान में आयोजित चार दिनी नाग महोत्सव की दूसरी रात कुमाऊंनी कलाकारों के नाम रही। कार्यक्रमों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उपस्थित हुए।
कार्यक्रमों का उद्घाटन गंगोलीहाट की पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश मंत्री मीना गंगोला ने किया। लोक कलाकार चंद्र प्रकाश ने पहाड़ क ठंड पानी पी आली, मेरा गाला मूंगा की माला, कैलाश कुमार ने खिड़की में बै रोली, क्रीम पौडर घिसनी किलै नै और प्रहलाद मेहरा ने देवी भगवती मैया के गीतों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
बन्नी महर, कमलजीत, संगीता सोनल, सुंदर बाफिला ने भी शानदार कार्यक्रम प्रस्तुत किए। लाल बुरांश समिति, जनजागृति सांस्कृतिक समिति के कलाकारों ने कुमाऊंनी गीतों और जीआईसी राईआगर, वायरल ग्रुप बेड़ीनाग के कलाकारों ने भी शानदार कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
इस मौके पर भाजपा नेता गोकुल गंगोला, जीवन पंत, मनीष पंत, ठाकुर डसीला, त्रिलोक खाती, महोत्सव समिति के अध्यक्ष अमित पाठक, राजीव शर्मा, जीवन धानिक आदि मौजूद थे। संचालन गोविंद भंडारी और नानू बिष्ट ने किया।
रन फार बेड़ीनाग में दौड़े प्रतिभागी
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। महोत्सव समिति ने रन फार बेड़ीनाग का आयोजन किया। अंडर-14 वर्ग में चांदनी, खुशबू, खुशी पांखू ने प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान पाया। बालक वर्ग में हिमांशु, मोहित, आकाश कुमार पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। कार्यक्रम संयोजक व्यापार संघ अध्यक्ष राजेश रावत, मनमोहन मेहता, विनोद मेहरा, गंभीर बोहरा, मनोहर खाती ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। संवाद