धारचूला (पिथौरागढ़)। कालिका ग्राम सभा के तोक गोठीधुरा में सड़क नहीं होने से ग्रामीणों का काफी परेशानी हो रही है। शुक्रवार को गांव में अचानक बेहोश हुए एक व्यक्ति को ग्रामीणों ने लकड़ी का स्टेचर बनाकर सड़क तक पहुंचाया।
बताया गया कि स्थानीय निवासी मदन सिंह (58) घर में अचानक बेहोश हो गए। उनकी पत्नी ने फोन पर इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी। इस पर ग्रामीणों ने लकड़ी में कुर्सी बांधकर स्टेचर बनाया। पांच किमी पैदल चलकर उन्होंने मरीज को किसी तरह कालिका तक पहुंचाया। वहां से वाहन के माध्यम से सात किमी दूर सीएचसी धारचूला में मरीज को लाया गया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मरीज को जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। गांव के सामाजिक कार्यकर्ता दीपक सिंह बिष्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा के बावजूद सड़क निर्माण शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने बताया कि गोठीधुरा की 500 की आबादी को स्वास्थ्य, शिक्षा, राशन सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
मरीज को अस्पताल पहुंचाने में दान सिंह, प्रदीप सिंह, हर सिंह, दीपक सिंह, पुष्कर दत्त, पवन सिंह, उमेश भट्ट, हरक सिंह, हरीश, महेंद्र सिंह, हरक सिंह, गोपाल सिंह, जय दत्त भट्ट ने सहयोग किया।