टनकपुर (चंपावत)। पूर्णागिरि क्षेत्र में बाटनागाड़ में जल सैलाब के साथ भारी मलबा आने के कारण करीब ढाई घंटे तक ककराली गेट-बाटनागाड़ मार्ग बंद हो गया। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की दोपहर बाद पहाड़ में बारिश से बाटनागाड़ में जल सैलाब के साथ भारी मलबा आने से साढ़े तीन बजे मार्ग बंद हो गया। मौके पर तैनात लोक निर्माण विभाग की टीम ने जेसीबी और पोकलेन मशीनों से मलबा हटाने का काम किया। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद छह बजे मलबा हटाया जा सका, इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। मलबा हटने के बाद आवाजाही सुचारु हो सकी।