18 हजार फुट से चीन स्थित कैलाश पर्वत के दर्शन करते पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज और उनकी पत्नी। स
पिथौरागढ़। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने पत्नी अमृता रावत के साथ पिथौरागढ़ स्थित ओल्ड लिपुलेख पास 18,000 फुट की ऊंचाई से कैलाश पर्वत के दर्शन किए। उन्होंने उत्तराखंड आने वाले शिव भक्तों को संदेश दिया कि देवाधिदेव महादेव के निवास कैलाश पर्वत के दर्शन के लिए अब उन्हें चीन जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जल्द ही सरकार शिव भक्तों को ओल्ड लिपुपास से कैलाश के दर्शन कराएगी।
सोमवार को पर्यटन मंत्री ने ओल्ड लिपुलेख पास की चोटी पर पहुंचकर भगवान शिव की पूजा अर्चना की। उन्होंने कहा कि शिव भक्त उत्तराखंड आकर कैलाश के भव्य और दिव्य दर्शन कर सकते हैं। पीएम मोदी ने 12 अक्तूबर 2023 को जब आदि कैलाश के दर्शन किए तब से बड़ी संख्या में शिव भक्त यहां पहुंचकर आदि कैलाश के दर्शन कर रहे हैं।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी यहीं से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योगाभ्यास कर योग का महत्व बताया। कहा कि 2019 से कैलाश मानसरोवर यात्रा बंद होने के कारण शिव भक्त कैलाश पर्वत के दर्शन नहीं कर पा रहे थे। इसलिए सरकार ने तय किया कि वह ओल्ड लिपुपास से उन्हें कैलाश के दर्शन कराएंगे।
-
भारत-नेपाल के लिए पुल जल्द बनाने के निर्देश
पिथौरागढ़। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने धारचूला ब्लॉक के छारछुम से नेपाल के लिए बन रहे टू- लेन स्टील गार्डर मोटर पुल का भी निरीक्षण किया।उन्होंने लोनिवि को शीघ्र पुल का निर्माण पूरा करने को कहा। महाराज ने यहां बन रही कस्टम चौकी और सड़क की चौड़ाई बनाने के निर्देश दिए। संवाद
-