झूलाघाट (पिथौरागढ़)। एक प्रसूता की पीलिया से सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी में मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक छह माह की गर्भवती जाखपंत निवासी दमयंती देवी (34) पत्नी भुवन पंत पीलिया से ग्रसित थी। बीते बृहस्पतिवार को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे रक्तस्राव हुआ। परिजन उसे लेकर पीएचसी झूलाघाट पहुंचे। यहां उसका समय से पूर्व प्रसव हो गया और नवजात की मौत हो गई। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर किया। हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल से भी उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों ने उसे सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी पहुंचाया लेकिन शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई। वह मैकेनिक पति भुवन पंत के साथ झूलाघाट में रहती थीं। वह अपने पीछे एक बेटे को छोड़ गई है। उसकी मौत से परिजन सदमे में हैं और पूरे क्षेत्र में शोक है। संवाद