पिथौरागढ़। बेड़ीनाग के सेराबड़ोली में कार्यरत शाखा डाकपाल के खिलाफ पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। डाकपाल के अंकपत्र और अन्य प्रमाणपत्रों के सत्यापन में अंकपत्र में के प्राप्तांकों में भिन्नता पाई गई थी। इसके बाद केस दर्ज कर जांच की जा रही है। कर्मी को बर्खास्त किया गया है।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज निवासी एक व्यक्ति बेड़ीनाग के सेराबड़ोली में शाखा डाकपाल के पद पर कार्यरत था। सत्यापन के दौरान अंकपत्र में गड़बड़ी मिलने के बाद डाक निरीक्षक आयुष पांडे ने बेड़ीनाग थाने में तहरीर दी थी। तहरीर के बाद पुलिस ने शाखा डाकपाल के खिलाफ धारा-420, 467, 468 और 471 में केस दर्ज कर दिया है। डाक निरीक्षक ने बताया कि पूर्व में हाईस्कूल प्रमाणपत्र पंजीकृत डाक से माध्यमिक शिक्षा परिषद इलाहाबाद से सत्यापित कराया था। जिसमें अंकपत्र सही पाया गया था।
अप्रैल 2023 में भारतीय डाक विभाग महानिदेशालय के निर्देश पर दोबारा सत्यापन कराने पर अंकपत्र में गड़बड़ी मिली है। विभागीय नियमों के अनुसार शाखा डाकपाल को बर्खास्त किया गया है। इस मामले में पुलिस अधीक्षक लाेकेश्वर सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद