पिथौरागढ़। जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने चंडाक रोड पर राजकीय बालिका इंटर काॅलेज के समीप बनाई जा रही पार्किंग का संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से वस्तु स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आईआईटी रुड़की की सर्वेक्षण टीम के साथ कार्यस्थल का संयुक्त निरीक्षण करने के बाद डिजिटल मैप तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अधिकारी को दो दिन के भीतर सड़क की सुरक्षा के जो कार्य होने हैं उसके लिए तत्काल आगणन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जल संस्थान एवं ब्रिडकुल के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कार्यस्थल पर पुरानी पाइप लाइनों से जो पानी का रिसाव हो रहा है उसका भलीभांति निरीक्षण कर लाइन शिफ्टिंग की कार्यवाही की जाए। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार विजय गोस्वामी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बाक्स
परियोजना प्रबंधक की अनुपस्थिति पर डीएम नाराज
पिथौरागढ़। जीजीआईसी के पास बन रही निर्माणाधीन पार्किंग के निरीक्षण के दौरान ब्रिडकुल परियोजना प्रबंधक की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी विनोद गिरी गोस्वामी ने नाराजगी जताते हुए स्पष्टीकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून काल की अवधि के दौरान कोई भी अधिकारी, कर्मचारी बिना अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। यदि कोई मामला संज्ञान में आता है तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। संवाद