धारचूला (पिथौरागढ़)। बारिश से कहर से मकान की छत गिरने और बोल्डर की चपेट में आने से तीन साल की मासूम और बुजुर्ग महिला को जान गंवानी पड़ी। दोनों की मौत से गांवों में कोहराम मचा हुआ है।
धारचूला ब्लॉक से करीब 45 किमी दूर स्यांकुरी के तोक कल्यापालपला में शुक्रवार रात आई बारिश और तूफान देवीदत्त के परिवार पर आफत बनकर आया। बताया जाता है कि रात में देवीदत्त घर के दूसरे कमरे में सोये थे जबकि पत्नी मालती देवी तीन वर्षीय पोती लक्ष्मी के साथ दूसरे कमरे में सोई थी। देवीदत्त का बेटा रमेश सिंह अपनी गर्भवती पत्नी हेमा देवी की जांच कराने के लिए धारचूला आए थे। रात में अंधड़ से उनके मकान की छत गिर गई जिससे दादी के साथ सो रही मासूम लक्ष्मी की मौत हो गई जबकि मालती देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। मालती देवी का संयुक्त अस्पताल धारचूला में इलाज चल रहा है।
उधर, शनिवार सुबह 8.15 बजे धारचूला आते समय पय्यापोड़ी गटकुना निवासी हरुली देवी (70) गटकुना नाले में गिरे बोल्डर की चपेट में आ गई जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने राजस्व उप निरीक्षक हुकुम सिंह धामी और प्रशासन को इसकी जानकारी दी।
संचार सेवा बनी बाधा
धारचूला (पिथौरागढ़)। संचार सुविधा दुरुस्त नहीं होने की वजह से ग्रामीण घटना की सूचना समय पर प्रशासन को नहीं दे पाए। बाद में उन्होंने नेपाली सिम का प्रयोग कर धारचूला एसडीएम कार्यालय में घटना की सूचना दी। एसडीएम नंदन कुमार नेे बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर रेस्क्यू के लिए प्रशासन और पुलिस की टीम रवाना कर दी गई थी।