सुकौली से डुंगरीरावल गांव तक प्रस्तावित सड़क का निर्माण कार्य पांच वर्ष में भी पूरा न होने से आक्रोशित क्षेत्र के लोगों ने बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। बाद में डीएम को ज्ञापन देकर तत्काल सड़क निर्माण पूरा करने की मांग की। सुकौली से डुंगरारावल गांव तक 12 किलोमीटर सड़क के निर्माण के लिए 2010 में टेंडर हुए थे। अभी तक सड़क का पांच किलोमीटर हिस्सा भी तैयार नहीं हुआ है। इससे पहले भी क्षेत्र के लोगों ने लोनिवि के अधिशासी अभियंता से मुलाकात की थी और सड़क का निर्माण जल्द पूरा करने की मांग की थी। सड़क न बनने से इस क्षेत्र के एक दर्जन गांवों की पांच हजार आबादी को यातायात की सुविधा नहीं मिल पा रही है। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह बोहरा ने कहा कि विभागीय अधिकारी सड़क निर्माण की प्रगति पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। ठेकेदारों की मनमानी चल रही है। कहा कि यदि सड़क का निर्माण कार्य तत्काल पूरा नहीं हुआ तो व्यापक आंदोलन छेड़ा जाएगा। प्रदर्शन में प्रधान भागीरथी देवी, आनंदी देवी, प्रकाश सिंह, मोहन सिंह, कमल सिंह, श्याम सिंह मेहता समेत तमाम लोग थे।