थल तहसील के चल्मोड़ी के ग्रामीण डीडीहाट ब्लॉक प्रमुख से मुलाकात करते हुए। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
थल (पिथौरागढ़)। चल्मोड़ी के ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को डीडीहाट ब्लॉक प्रमुख बबीता चुफाल से मुलाकात कर उन्हें मस्मोली-चल्मोड़ी सड़क की बदहाली की जानकारी दी। ब्लॉक प्रमुख ने लोनिवि को तीन दिन के भीतर सड़क को ठीक करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोनिवि के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि अगर सड़क को ठीक नहीं किया गया तो वह ग्रामीणों के साथ लोनिवि कार्यालय में धरना शुरू कर देंगी।
चल्मोड़ी के ग्रामीणों ने बताया कि मस्मोली-चल्मोड़ी दो किलोमीटर सड़क का निर्माण 11 वर्ष पहले लोनिवि डीडीहाट ने किया था। सड़क पर डामरीकरण तो दूर, अब तक नाली तक नहीं बनी है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। सड़क दोनों ओर से बड़ी-बड़ी झाड़ियों से घिरी हुई है। लोनिवि के अधिकारियों से बार-बार कहने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
इस पर ब्लॉक प्रमुख ग्रामीणों को साथ लेकर लोनिवि के अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंची जहां उन्होंने लोनिवि के ईई सहित सड़क की देखरेख का जिम्मा संभाले अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए उन्हें फटकार लगाई। कहा कि ग्रामीणों को किसी भी कार्य के लिए विभागीय अधिकारियों के चक्कर नहीं लगाने पड़े। उन्होंने लोनिवि को तीन दिन में सड़क पर नाली, सुरक्षा दीवार बनाने और झाड़ी काटने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क को ठीक नहीं करने पर ग्रामीणों के साथ लोनिवि कार्यालय में धरना देने की चेतावनी दी।
इस दौरान पूर्व प्रधान चिंतामणि जोशी, क्षेत्र पंचायत के पूर्व सदस्य उर्बा दत्त जोशी, प्रेम सिंह राणा, महिमन सिंह राणा, गोविंद बसेड़ा, हरक सिंह देऊपा, तुलसी दत्त, नेत्र बल्लभ, खुशाल सिंह आदि ग्रामीण मौजूद थे। संवाद