थल (पिथौरागढ़)। बैंक में खाता है तो आप पोस्टऑफिस से भी रुपये निकाल सकते हैं। पोस्टऑफिस में ग्राहकों के लिए यह सुविधा दी है। बैंक में लंबी कतार से राहत के लिए थल के किसी भी बैंक के खाताधारक अपना पैसा थल डाकघर से भी आसानी से आहरण कर सकते हैं। इसके लिए खाताधारक का बैंक खाता आधार से लिंक होना अनिवार्य है। थल डाकघर के प्रभारी पोस्टमास्टर अमित वर्मा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि रूपए निकासी की अधिकतम सीमा दस हजार ही निर्धारित की गई है। कोरोना महामारी के कारण लगाए गए लॉकडाउन में ग्राहकों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए बैंकों के बाहर कतार में खड़ा होना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले ग्राहकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पोस्टऑफिस से रुपए निकालने की सुविधा मिलने से लोगों को काफी राहत मिलेगी।