पिथौरागढ़। पिछले एक सप्ताह से बारिश नहीं होने से पहाड़ों में भी तापमान बढ़ने लगा है। पिथौरागढ़ में चार दिन में चार डिग्री तापमान की वृद्धि हुई है। हालांकि घाटियों में जहां उमस हो रही है वहीं मुनस्यारी सहित अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अभी खुशनुमा मौसम बना हुआ है।
इस बार लंबे समय से बारिश नहीं होने से पिथौरागढ़ जिले में जनवरी और फरवरी में मार्च-अप्रैल जैसी तपिश रही थी। मार्च अंतिम सप्ताह से रुक-रुककर बारिश होने के कारण मई तक ठंड महसूस की गई। जून में बारिश नहीं होने के कारण अब धीरे-धीरे तपिश बढ़ने लगी है। तीन-चार जून तक जहां तापमान 28 डिग्री था वहीं शुक्रवार को 32 डिग्री तक पहुंच गया।
तापमान बढ़ने से पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय सहित अन्य घाटी वाले हिस्सों में काफी गर्मी महसूस की गई। जिले के घाट, धारचूला, जौलजीबी, बलुवाकोट, झूलाघाट, थल, नाचनी सहित अन्य नदी घाटी वाले क्षेत्रों में लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं। इसके उलट मुनस्यारी, चौकोड़ी के अलावा उच्च हिमालयी क्षेत्र के दारमा और व्यास घाटियों में मौसम खुशनुमा बना हुआ है। मुनस्यारी में अधिकतम तापमान 22 डिग्री है।
-
शुक्रवार को पिथौरागढ़ का तापमानः-
अधिकतमः 32 डिग्री
न्यूनतमः 24 डिग्री
.................
मुनस्यारी का तापमान:-
अधिकतम: 22 डिग्री
न्यूनतम: 11 डिग्री