अस्कोट(पिथौरागढ़)। लगातार हो रही बारिश से देवल गांव में एक आवासीय मकान खतरे की जद में आ गया है। बृहस्पतिवार रात को बारिश के दौरान देवल गांव में भू-धंसाव होने से महेंद्र सिंह पाल के मकान का आंगन में दरार आ गई और सुरक्षा दीवार गिर गई। सुरक्षा दीवार गिरने से मकान को खतरा पैदा हो गया है। शुक्रवार को सूचना पर पहुंचे राजस्व उप निरीक्षक अमित रावत ने हालात का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दी है। ग्राम प्रधान कैलाश पाल सहित स्थानीय निवासी चंद्र मोहन पाल, प्रकाश पाल ने प्रशासन से शीघ्र सुरक्षा के उपाय किए जाने की मांग की है।