पिथौरागढ़ जिले में एचआईवी तेजी से पांव पसार रहा है। इससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। अब तक हुई जांच में हर 100 वां व्यक्ति एचआईवी संक्रमित मिला है। महिला और पुरुष दोनों ही इस रोग की चपेट में आ रहे हैं।
एचआईवी-एड्स के बचाव के लिए कई जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं लेकिन इनका असर धरातल पर कम ही नजर आ रहा है। बीते पांच साल में सामने आए 132 संक्रमित इसका प्रमाण हैं। स्वास्थ्य विभाग से मिले आंकड़ों के अनुसार बीते पांच साल के भीतर 13606 लोगों की एचआईवी जांच हुई। इसमें हर 100वां व्यक्ति संक्रमित मिला है। अब भी यह सिलसिला चल रहा है। इससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार जिले में वर्तमान में एचआईवी संक्रमित 66 महिला तो इतने ही पुरुष चिह्नित हैं।
ये पढ़ें- Nainital News: IAS वरुणा अग्रवाल नैनीताल की एसडीएम, जिले को चार तहसीलदार भी मिले
19 से 26 वर्ष के संक्रमित अधिक
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक आम तौर पर एचआईवी संक्रमण युवा वर्ग को अपनी चपेट में ले रहा है। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक अब तक मिले एचआईवी संक्रमितों में 19 से 26 वर्ष के पुरुष और महिलाओं की संख्या अधिक है। टीबी के मरीजों को यह संक्रमण तेजी से अपनी जकड़ में ले रहा है।
ये लक्षण दिखने पर जरूर कराएं एचआईवी की जांच
- फेफड़ों में संक्रमण, अक्सर खांसी, बुखार और सांस लेने में तकलीफ, वजन कम होना, पसीना आना, छाले, उल्टी-दस्त, सिरदर्द, निमोनिया जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
बीते छह सालों में हुई एचआईवी की जांच और संक्रमित
वर्ष जांच पाॅजिटिव महिला पुरुष
2018 3368 18 10 08
2019 2487 29 16 13
2020 1828 28 14 14
2021 1966 24 13 11
2022 757 07 03 04
2023 2200 17 06 11
2024 1000 09 04 05
निश्चित तौर पर एचआईवी संक्रमितों की संख्या कम नहीं हो रही है। जागरूकता ही इसका बचाव है। लोगों को एचआईवी के प्रति जागरूक करने के लिए समय-समय पर कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। जो भी संक्रमित सामने आ रहे हैं उनका उपचार किया जा रहा है।
-डॉ. कुंदन कुमार, जिला क्षय रोग अधिकारी, पिथौरागढ़।