पिथौरागढ़। धारचूला में निर्माण कार्य के लिए मनमानी दिहाड़ी लेने से लोग परेशान हैं। लोगों के लिए निर्माण कार्य कराना कठिन साबित हो रहा है। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने तहसील प्रशासन से राजमिस्त्री और मजदूरों की दिहाड़ी तय करने की मांग की है।
प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की ओर से तहसील प्रशासन को सौंपे गए पत्र में कहा गया है कि नेपाल सीमा पर स्थित धारचूला नगर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में बाहरी राज्यों के मिस्त्री और मजदूर बड़ी संख्या में काम कर रहे हैं। यहां आवासीय भवनों के निर्माण के लिए कुछ राजमिस्त्री एक हजार रुपये तक दिहाड़ी ले रहे हैं। व्यापार संघ अध्यक्ष बीएस थापा सहित अन्य व्यापारी नेताओं का कहना है कि दिहाड़ी अधिक लिए जाने से आम लोगों के लिए भवन निर्माण तो दूर मकान की मरम्मत करना भी कठिन हो रहा है।
उन्होंने कहा है कि पिथौरागढ़ पालिका ने जिस तरह से राजमिस्त्री, कारपेंटर, मजदूरों की दिहाड़ी तय की है उसी तरह धारचूला में भी सभी की दिहाड़ी तय करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में रेनू, शकुंतला, नवीन खर्कवाल, श्यामचंद्र, खड़क सिंह, प्रकाश लाल, प्रद्युम्न सिंह आदि शामिल हैं। इधर एसडीएम मनजीत सिंह ने नगरपालिका के ईओ को इस मामले में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। संवाद