पिथौरागढ़। सीमांत जिले में मौसम ने करवट बदल ली है। आसमान बादलों से पट गया है। इससे लोगों को गर्मी से कुछ हद तक निजात मिली है। रविवार की सुबह जिले के अधिकांश जगहों पर झमाझम मेघ बरसे। सुबह आठ बजे बाद मौसम साफ हो गया और धूप खिली। शाम को फिर से बादल छा गए। घाटी वाले जगहों पर इस समय किसान धान की रोपाई में जुटे हैं। अन्य जगहों पर फसल उग आई है। इस बारिश को फसल और सब्जियों के लिए अच्छा बताया जा रहा है। वहीं मुनस्यारी में भी बादल छाए रहने से पर्यटकों को हिमालय की चोटियों के दीदार नहीं हुए जिससे उन्हें मायूसी हुई। दोपहर में क्षेत्र में हल्की बारिश हुई।