पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय के निकट ग्राम पंचायत गणकोट को रावल गांव से जोड़ने वाली डेढ़ किमी सड़क बेहद खराब है। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढे लोगों के लिए मुसीबत बने हैं। इस सड़क पर सुरक्षा दीवार और स्क्रबर का निर्माण होना है।
ग्राम पंचायत गणकोट सुकौली से रावल गांव तक लोनिवि की ओर से बनाई गई डेढ़ किमी सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं। कई जगह पहाड़ी से मलबा सड़क पर आ गया है। ऐसे में वाहन चलाने वालों को दिक्कत होती है। पैदल चलना भी लोगों के लिए मुश्किल हो रहा है। बारिश के कारण सड़क पर कई बार कीचड़ जमा हो जाता है। ऐसे में वाहन चालकों के लिए खतरा और अधिक बढ़ जाता है।
गणकोट के प्रधान नीरज कुमार ने कहा कि लोनिवि को सड़क के गड्ढे भरने के साथ ही मलबे को हटाने का काम करना चाहिए। लोनिवि के ईई एमसी तिवारी ने बताया कि सुकौली गणकोट- रावलगांव सड़क कटिंग का काम कुछ समय पूर्व हुआ है। इसके बाद द्वितीय चरण का कार्य किया जाएगा। सुरक्षा दीवार और स्क्रबर बनाने का काम होगा। तीसरे चरण में सड़क पर डामरीकरण किया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों पर सुरक्षा के इंतजाम नहीं
पिथौरागढ़। जिले की अधिकतर ग्रामीण सड़कों पर सुरक्षा के इंतजाम नहीं हैं। कई जगह सुरक्षा दीवार भी नहीं लगी है। इस कारण आए दिन वाहन दुर्घटनाएं होती रहती हैं जिसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ता है। संवाद