मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। पर्यटन नगरी मुनस्यारी में कूड़े की समस्या गंभीर हो गई है। स्थानीय खूबसूरत पर्यटक स्थल अब कूड़े से पटे हुए हैं। हिमनगरी में आने वाले पर्यटकों के लिए बेटुलीधार सबसे पहला पसंदीदा स्थल है। पर्यटक यहां से पंचाचूली सहित हिमालय की कई अन्य चोटियों के दर्शन करते हैं। शीतकालीन में यहां स्कीइंग भी कराई जाती है। वर्तमान में इस जगह को नशेड़ियों ने अपना अड्डा बना दिया है। खाली शराब की बोतल यहां जगह-जगह फेंकी गई हैं। प्लास्टिक की थैलियां, कागज, डिस्पोजल यहां की सुंदरता पर दाग लगा रहे हैं। थामरी कुंड में भी प्लास्टिक का कचरा फैला हुआ है। मल्ला जोहार विकास समिति के अध्यक्ष श्रीराम धर्मशक्तू ने बताया कि मुनस्यारी में पर्यटक स्थल पर गंदगी साफ नहीं होने से बाहर से आने वाले पर्यटकों में गलत संदेश जा रहा है। उन्होंने सफाई करने की मांग की है। संवाद