संवाद न्यूज एजेंसी, गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। कोरोना काल में तीन राजस्व उपनिरीक्षकों का स्थानांतरण करने से लोग आक्रोशित हैं। क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर स्थानांतरण निरस्त नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। गंगोलीहाट के राजस्व उप निरीक्षक विजय पंत का स्थानांतरण चौपाता से बालातड़ी, भूपाल बिष्ट का स्थानांतरण चहज से चौपाता और विजय कुमार साह का स्थानांतरण बालातड़ी से चहज किया गया है, जिससे तीनों जगहों की जनता आक्रोशित है। जनता का कहना है कि कोरोना काल में तीनों राजस्व उपनिरीक्षक अपने-अपने क्षेत्र से भलीभांति परिचित हैं। किसी नए अधिकारी के आने पर उन्हें यहां की परिस्थिति समझने में कम से कम तीन माह का समय लग जाएगा। जिससे जनता को काफी असुविधा का सामना करना पड़ेगा। उप जिलाधिकारी भगत सिंह फोनिया को दिए ज्ञापन में चौपाता पट्टी एवं गंगोलीहाट नगर पंचायत, व्यापार संघ द्वारा दिए गए ज्ञापन में उपरोक्त तीनों राजस्व उप निरीक्षकों का स्थानांतरण तुरंत रोकने की मांग की है। चौपाता पट्टी के 12 ग्राम प्रधानों एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों ग्रामीणों ने एसडीएम को दिए ज्ञापन में कहा है कि यदि इन का स्थानांतरण किया जाता है तो क्वारंटीन सेंटर को प्रशासन के हवाले कर दिया जाएगा। ग्राम प्रधान किसी भी जिम्मेदारी को नहीं लेंगे। एसडीएम को ज्ञापन देने वाले में व्यापार संघ अध्यक्ष हरीश धानिक, सभासद संजू बोरा, मोहन कार्की ,सामाजिक कार्यकर्ता राम सिंह बिष्ट ,सुरेश उप्रेती, किशोर प्रसाद, बबलू पांडे, ग्राम प्रधान विरगोली देव सिंह, सपना देवी, मनोज कुमार, चंद्रशेखर पंत ,मनोज गिरी, पुष्पा देवी ,पुष्कर सिंह आदि लोग शामिल थे। फोटो-