जाजरदेवल पुलिस ने मर्चेंट नेवी में नौकरी लगाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को राजस्थान से
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़ में मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने के नाम पर 1.35 लाख रुपयों की धोखाधड़ी करने वाले एक व्यक्ति को जाजरदेवल पुलिस और एसओजी टीम ने राजस्थान से गिरफ्तार किया है। भड़कटिया निवासी किशन सिंह धामी ने 15 अक्तूबर को जाजरदेवल थाने में तहरीर दी कि टेलीग्राम के माध्यम से मर्चेंट नेवी में नौकरी के रिक्त पदों का मैसेज मिला जिसमें दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर एक व्यक्ति ने बताया गया कि वह कै. संजीव बोल रहा है। उसने वाट्सएप के माध्यम से दस्तावेज मंगाए। साथ ही उसने बताया कि गोल्डन मरीन जहाज विशाखापट्टनम आ रहा है जिसमें रिक्त पद हैं। तब तक सारे दस्तावेज तैयार करने होंगे जिसके लिए एक लाख 35 हजार रुपये मांगे।
इसके बाद उस व्यक्ति का कोई जवाब नहीं आया। इस पर पुलिस ने धारा 420 और 66डी आईटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर दी। एसपी लोकेश्वर सिंह ने जाजरदेवल थानाध्यक्ष हरीश पुरी के नेतृत्व में टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने साइबर सेल की मदद से अलवर राजस्थान निवासी संजय कुमार बैरवा का पता लगाकर उसे राजस्थान से गिरफ्तार किया। पुलिस टीम में वड्डा चौकी प्रभारी जितेंद्र सोराड़ी, साइबर सेल प्रभारी प्रियंका इजराल, कांस्टेबल ध्रुव सिंह, कुशल सिंह, नैन सिंह, विपिन ओली, गीता पवार आदि शामिल थे।