पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ नैनीसैनी हवाई अड्डे से नियमित हवाई सेवा शुरू होने की उम्मीद एक बार और बढ़ गई है। नैनीसैनी हवाई अड्डे से उड़ान के लिए चार साल के लिए टूबी का लाइसेंस मिल गया है। पूर्व में सेवा करने के लिए छह-छह माह का स्थायी लाइसेंस मिलता था। इसके नवीनीकरण के लिए जिला प्रशासन को बार-बार आवेदन करना पड़ता है। डीएम रीना जोशी के प्रयासों से पहली बार चार साल के लिए लाइसेंस मिला है।
पिथौरागढ़ के लोग 30 साल से नियमित हवाई सेवा शुरू करने की मांग कर रहे हैं। कुछ समय पूर्व नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) की ओर से एरोड्रम का लाइसेंस जारी किया गया। लाइसेंस जारी होने के बाद नियमित हवाई सेवा के लिए चार साल का लाइसेंस मिल गया है। पूर्व में नियमित हवाई सेवा को चलाने के लिए सिर्फ छह-छह माह का अस्थायी लाइसेंस मिलता था। अब जिला प्रशासन को चार साल तक लाइसेंस के लिए आवेदन नहीं करना पड़ेगा। वर्तमान में नैनीसैनी हवाई अड्डे के रनवे को चौड़ा करने का कार्य किया जा रहा है। कार्यदायी संस्था आरडब्ल्यूडी तेजी से कार्य पूरा कर रही है। कार्यदायी संस्था का कहना है कि 10 से 15 दिन में चौड़ीकरण का कार्य पूरा हो जाएगा।
एयरलाइंस एयरवेज के विमान की होनी है ट्रायल लैंडिंग
पिथौरागढ़। कुछ समय पूर्व एयरलाइंस एयरवेज की टीम ने भी 42 सीटर विमान की ट्रायल लैंडिंग के लिए नैनीसैनी हवाई अड्डे का निरीक्षण किया था। जल्द ही यहां ट्रायल लैंडिग हो सकती है। नैनीसैनी हवाई अड्डा सामरिक और पर्यटन दृष्टि से महत्वपूर्ण है। अगर नियमित हवाई सेवा शुरू हो गई तो यहां पर्यटन गतिविधियां भी बढेंगी। संवाद
इनसेट कोट-
नैनीसैनी हवाई अड्डे के लिए नियमित हवाई चार साल के लिए टूबी का लाइसेंस मिल गया है। इससे पहले सिर्फ छह माह के लिए लाइसेंस मिलता था। - रीना जोशी, डीएम पिथौरागढ़।