पिथौरागढ़। खाद्य सुरक्षा विभाग ने हल्द्वानी के एक खाद्य कारोबारी के खिलाफ न्यायालय में केस दर्ज कराया है। इसके अलावा जिले भर से लिए गए चार खाद्य पदार्थों की रिपोर्ट जांच में अधोमानक पाई गई है।
नौ मई को खाद्य सुरक्षा विभाग ने निरीक्षण के दौरान बेड़ीनाग बाजार का निरीक्षण किया। इस दौरान हल्द्वानी की फर्म मै. शंकर लाल, नरेश कुमार मंडी गेट, बरेली रोड पैक्ड सुरम चाय के पैकेटों को बिना एक्सपायरी डेट और बिना यूज बाई डेट अंकित किए ही बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। इस पर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप कुमार जैन ने हल्द्वानी की फर्म के खिलाफ एडीएम न्यायालय में वाद दायर कर दिया।
इधर जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरके शर्मा ने बताया कि इसके अलावा टीम ने कुल 33 खाद्य नमूनों जांच के लिए राजकीय विश्लेषणशाला रुद्रपुर भेज गए थे। इनमें से दूध, मैदा और पनीर के चार नमूने अधोमानक पाए गए हैं। इसके लिए कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि शेष 29 खाद्य नमूने जिसमें मावा, बर्फी, बालू शाही मिठाई, गुजिया, दूध, मूंगफली दाना, हल्दी पाउडर, खुला पनीर, चावल, दाल, बताशा, रिफाइंड तेल, मसालों की रिपोर्ट सही आई है।