बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। बेड़ीनाग में लंपी वायरस तेजी से फैल रहा है। नगर में दिव्यांग दंपती काश्तकार की एक सप्ताह में लंपी के कारण चार गायों की मौत हो गई है। वह दूध बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। गायों की मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है।
बेड़ीनाग क्षेत्र के उडियारी गांव में 36 वर्षीय दिव्यांग वृद्ध काश्तकार किशन सिंह महरा की चार गायों की लंपी से मौत हो गई है। बताया कि उन्होंने पशुपालन विभाग और हेल्पलाइन नंबर 1962 पर फोन किया था लेकिन इलाज में देरी के कारण गायों की मौत हो गई। उन्होंने पशुपालन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने एसडीएम को पत्र देकर मुआवजे की मांग की है। किशन सिंह का एक पुत्र है वह भी मानसिक रूप से कमजोर है। परिवार दूध बेचकर भरण पोषण करता था। अब उनके सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया है। उन्होंने सरकार से मदद की मांग की है।
कोट
लंपी वायरस से पशुपालक की गाय की मौत की जानकारी नहीं है। यदि गायों का बीमा होगा तो मुआवजा मिलेगा। अभी पशुपालन विभाग के आंकड़ों में बेड़ीनाग क्षेत्र में छह गायों की मौत हुई है। -डॉ. प्रणव अग्रवाल, पशु चिकित्साधिकारी, बेड़ीनाग।