बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। तेंदुए ने विकासखंड बेड़ीनाग के बेलकोट उखेड़ा के सरपंच खड़क सिंह कार्की की चार बकरियों और एक बछड़े को निवाला बना लिया। इस हमले में सरपंच बाल-बाल बचे। सोमवार शाम सरपंच पशुओं को जंगल से चराकर घर लौट रहे थे। इस दौरान तेंदुए ने चार बकरियों और एक बछड़े को मार डाला। तेंदुए को देखकर खड़क सिंह ने भाग कर जान बचाई। वन विभाग को सूचना देने के बाद वन आरक्षी आयुष कुमार ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार तेंदुए का भय बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गांव में पिंजरा लगाने और पशुपालक को मुआवजा देने की मांग की है। इस मौके पर गिरजा शंकर पांडेय, खड़क सिंह कार्की, इंद्र सिंह कार्की, महिपाल कार्की, राजन राम आदि मौजूद थे।