मूनाकोट के ग्राम पंचायतदिगरा क्षेत्र में भू धंसाव से क्षतिग्रस्त कांटे बोरागांव मोटर मार्ग। सं?
- फोटो : PITHORAGARH
मूनाकोट (पिथौरागढ़)। मूनाकोट ब्लाक के ग्राम पंचायत दिगरा के पंत्यूड़ी और ग्राम पंचायत बसौड़ मेनन के कैनखोली के लोग भू धंसाव के खतरे के बीच जीवन जी रहे हैं। भू धंसाव से कांटे बोरागांव मोटर मार्ग भी जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गया है। क्षेत्र में हो रहे भू धंसाव से सड़क मार्ग में वाहन चलाना खतरे से कम नहीं है।
ग्रामीणों ने बताया कि घाघल गाड़ के दक्षिणी किनारे में कई जगह भू धंसाव और भूस्खलन हो चुका है। घाघल गाड़ की सहायक घट्टी गाड़ क्षेत्र में भी भू धंसाव हो रहा है। भूमि में जगह-जगह दरारें लगातार पड़ रही हैं। ग्रामीणों ने भू धंसाव रोकने के लिए 1991 से लगातार पौधरोपण कर क्षेत्र को हरा भरा करने का प्रयास भी किया। इसके बाद भी भू धंसाव और भूमि में दरारें पड़नी कम नहीं हुई हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र मामले में कार्रवाई करने की मांग की है। भू धंसाव वाले क्षेत्र में 50 परिवार रहते हैं। एसडीएम अनुराग आर्य ने बताया कि जल्द ही राजस्व टीम क्षेत्र के निरीक्षण के लिए भेजी जाएगी। जांच रिपोर्ट के बाद जरूरी कार्रवाई की जाएगी।