डीडीहाट (पिथौरागढ़)। चार किलोमीटर सड़क नहीं बनने से डीडीहाट तहसील के सीड़ी चामा की पांच हजार से अधिक की आबादी यातायात सुविधा से वंचित है।
क्षेत्रवासी डीडीहाट तहसील के अंतर्गत आने वाले सीड़ी चामा से तेजम तहसील के खतेड़ा तक सड़क निर्माण की मांग उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि तेजम तहसील मुख्यालय से खतेड़ा गांव तक सड़क बन चुकी है। डीडीहाट के सीड़ी चामा गांव को सड़क से लिंक करने के लिए अब चार किलोमीटर सड़क काटी जानी है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार विभाग से सड़क निर्माण की मांग की जा चुकी है। सड़क के अभाव में डोली ही एंबुलेंस बनती है। बुजुर्गों का पेंशन या अन्य कार्य से तहसील मुख्यालय पहुंचना कठिन होता है। लोगों का कहना है कि इस चार किमी सड़क के बनने से दोनों तहसीलों के गांवों के लोगों को यातायात सुविधा मिलेगी। क्षेत्रवासियों ने शीघ्र चार किमी सड़क की कटिंग का काम शुरू करने की मांग की है। संवाद
.............