टनकपुर/पूर्णागिरि (चंपावत)। ऊर्जा निगम ने रविवार को नगर से सटे नायकगोठ के पास 11 केवी लाइन में अधिक क्षमता का तार बिछाने का कार्य किया। इस कार्य से क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या से निजात मिलेगी और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी। इस दौरान सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक पूर्णागिरि फीडर में बिजली गुल रही। इससे नायकगोठ, थ्वालखेड़ा, गैंडाखाली और पूर्णागिरि धाम तक बिजली आपूर्ति बाधित हुई। ऊर्जा निगम के जेई नरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि यह कार्य नायकगोठ और थ्वालखेड़ा के बीच किया गया। विभागीय टीम दिन भर तार बिछाने में जुटी रही और दोपहर बाद कार्य पूरा हुआ। उन्होंने कहा कि उच्च क्षमता के तार से लो वोल्टेज की समस्या खत्म होगी। साथ ही उपभोक्ताओं को अब निर्बाध बिजली मिल सकेगी।