गर्मी बढ़ते ही पिथौरागढ़ जिले में जंगल जलने लगे हैं। पिथौरागढ़-धारचूला हाईवे पर नैनीपातल के जंगल में आग लग गई। जंगल घंटों जलता रहा, जिससे वन संपदा काफी नुकसान पहुंचा है लेकिन वन विभाग को घटना की भनक तक नहीं लगी। सूचना के बाद फायर सर्विस की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई।
पिथौरागढ़-धारचूला हाईवे पर नैनीपातल के जंगल में बीते मंगलवार दोपहर आग लग गई। कुछ ही देर में जंगल के आधे हेक्टेयर के दायरे में आग फैल गई। पूरे दिन जंगल जलता रहा लेकिन जंगलों को वनाग्नि से सुरक्षित बचाने के दावे करने वाला वन विभाग घटना से अनजान रहा। चीड़ के कई पेड़ धराशाई होकर गिर गए।
बाद में स्थानीय लोगों की सूचना पर फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। प्रभारी अग्निशमन अधिकारी नरेंद्र प्रसाद ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। विभाग जंगलों को आग से बचाने के लिए गंभीर है। टीम में लीडिंग फायरमैन कृष्ण सिंह, महेंद्र सिंह, जयपाल सिंह, सुनील कुमार, शंकर गिरी, रिचा शाह व लक्ष्मी शामिल रहे।