पिथौरागढ़। जिले में बुखार और खांसी के मरीजों की संख्या कम नहीं हो रही है। बीडी पांडे जिला अस्पताल में रोज 150 से अधिक मरीज बुखार, सर्दी और खांसी से पीड़ित आ रहे हैं।
जिला अस्पताल के मुख्य फिजिशियन डॉ. डीएस धर्मशक्तू ने बताया कि बदलते मौसम के कारण लोग सेहत पर कम ध्यान दे रहे हैं। गर्मी बढ़ने पर ठंडी वस्तुओं का सेवन अधिक कर रहे हैं जो सही नहीं है। उन्होंने बताया कि कई लोग ऐसे हैं जो मेडिकल स्टोर से दवा ले रहे हैं। जब वह ठीक नहीं हो रहे हैं तो ही अस्पताल पहुंच रहे हैं।
डॉ. धर्मशक्तू ने कहा कि बुखार होने पर अस्पताल जरूर जाएं। पीएमएस डॉ. जेएस नबियाल ने बताया कि अगर लोगों को अधिक बुखार है तो अस्पताल में आकर कोविड की भी जांच करानी चाहिए। समय पर उपचार मिलने से मर्ज जल्द ठीक होगा। उन्होंने कहा कि किसी तरह ही लापरवाही न बरती जाए।
पिछले एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित था। स्थानीय मेडिकल स्टोर से दवा लेकर उपचार करा रहा था लेकिन एक बार बुखार ठीक होने के बाद दोबारा आ रहा था। -विमल, मरीज।
पिछले चार दिन से बुखार, खांसी और जुकाम था। तबीयत अधिक खराब होने के बाद उपचार के लिए जिला अस्पताल आई हूं। -नीमा, मरीज।