बरम क्षेत्र के कनार कोकिला मंदिर में पहुंचे श्रद्धालु। स्रोत : ग्रामीण
अस्कोट (पिथौरागढ़)। बरम से 16 किमी दूर कनार कोकिला मैया के मंदिर में आयोजित मेले के लिए बुधवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंची। 16 किमी की पैदल खड़ी चढ़ाई चढ़ने के बाद बुधवार रात तक बलुवाकोट, पय्यांपौड़ी, बरम, जाराजिबली, धारचूला, मुनस्यारी, बजानी आदि स्थानों से ढोल-नगाड़ों के साथ जातें आईं। कनार के इस प्रसिद्ध मेले में देर रात तक देव डांगर अवतरित होते हैं। श्रद्धालुओं की मनोकामना पूर्ण करने का वचन देते हैं। इस दौरान श्रद्धालु मनोकामना पूर्ति के लिए रातभर दीया हाथ में लेकर खड़े होकर तपस्यारत रहते हैं। मेले में अस्कोट, जौलजीबी, गरखा, डीडीहाट, चरमा, पिथौरागढ़ आदि जगहों से श्रद्धालु पहुंचे हैं। बृहस्पतिवार को पूर्णिमा पर भोग आरती के बाद प्रसाद वितरण के साथ मेला संपन्न होगा। संवाद