धारचूला (पिथौरागढ़)। विकास खंड धारचूला में जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र नहीं बनाए जाने से पूर्व सैनिक संगठन में नाराजगी है। संगठन ने शीघ्र प्रमाण पत्र जारी करने पर एसडीएम कार्यालय में धरने पर बैठने की चेतावनी दी है।
पूर्व सैनिक संगठन बलुवाकोट के मीडिया प्रभारी चंचल सिंह ऐरी ने कहा है कि धारचूला विकासखंड में पिछले कई महीनों से जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं बन रहे हैं। मृत्यु प्रमाणपत्र नहीं बनने के कारण पूर्व सैनिकों की विधवाओं को पेंशन नहीं मिल पा रही है। जन्म प्रमाण पत्र नहीं बनने के कारण प्रधानमंत्री मातृ वंदना की तीसरी किस्त लाभार्थियों को जारी नहीं हुई है। सीएससी केंद्रों पर पोर्टल बंद कर दिया गया है। इस वजह से सीमांत धारचूला की जनता परेशान है।
उन्होंने चेतावनी दी कि एक सप्ताह के भीतर जनता की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो पूर्व सैनिक संगठन बलुवाकोट एडीओ पंचायत धारचूला और जिला पंचायती राज अधिकारी के खिलाफ उप जिलाधिकारी कार्यालय धारचूला में धरने पर बैठने को बाध्य होंगे।