पिथौरागढ़ जिले के जाजरदेवल क्षेत्र के कुशौली में नवमी के दिन कन्या पूजन के दौरान एक जमीनी विवाद के चलते बुजुर्ग महिला पर पड़ोस के ही एक शख्स ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। बचाव में महिला के दाहिने हाथ पर गंभीर जख्म हुए हैं। महिला ने पुलिस को तहरीर देकर उचित कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक एमईएस कॉलोनी, कुसौली निवासी 59 वर्षीय राधिका रावल पत्नी स्व. हरी प्रसाद रावल ने जाजरदेवल थाने में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि वह नवमी पर्व पर पास के ही लक्ष्मी नारायण मंदिर में कन्या पूजन कर रहीं थी। इस दौरान एमईएस कॉलोनी निवासी हीरा सिंह भंडारी चाकू हाथ में लिए मंदिर पहुंच गया। उसने जान से मारने की धमकी देते हुए बुजुर्ग महिला पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में महिला के हाथ में गंभीर घाव हो गए। आसपास लोगों के जमा होने और शोर मचाने पर हमलावर वहां से चला गया। परिजन महिला को नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए ले गए।
थानाध्यक्ष प्रकाश पांडे ने बताया कि दोनों पक्षों में जमीन को लेकर पूर्व से ही विवाद चल रहा था। महिला की शिकायत पर आरोपी हीरा सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं सीओ गोविंद बल्लभ जोशी ने कहा कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।