पिथौरागढ़। सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी के सदस्यों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम आशीष कुमार भटगाईं के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजा। वरिष्ठ नागरिकों ने कहा कि नगर की सभी सड़कों पर फुटपाथ नहीं हैं। सड़कों के किनारे वाहन खड़े रहते हैं। इन्हीं के बीच सड़कों पर तेज रफ्तार वाहन भी दौड़ते हैं। ऐसे में बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को पैदल चलने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कहा कि सड़कों पर पैदल चलना वरिष्ठ जनों का मौलिक अधिकार है। ऐसे में सड़कों पर फुटपाथ का होना जरूरी है। सभी ने जल्द नगर की सड़कों पर फुटपाथ बनाने की मांग की। वहीं सड़कों के किनारे वर्कशॉप, बारातघरों आदि जगहों पर बेतरतीब खड़े वाहनों पर रोक लगाने की भी मांग की। ज्ञापन देने वालों में सोसाइटी के अध्यक्ष दयानंद भट्ट, राजेंद्र सिंह खनका, बिशन सिंह, सुभाष चंद्र पांडे, महिमन सिंह, पीतांबर अवस्थी सहित अन्य वरिष्ठ नागरिक शामिल रहे।