सल्मोड़ा वन चौकी के पास लगाए कूड़ेदान में कई दिनों से जमा है कूड़ा। संवाद
पिथौरागढ़। जहां एक ओर देशभर में स्वच्छता का नारा गूंज रहा है वहीं दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्रों में कूड़े के ढेर लगे हैं। कूड़ा निस्तारण के लिए प्रत्येक विकासखंड में एक वाहन लगाया गया है लेकिन लंबा क्षेत्र होने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में लगाए गए कूड़ेदानों में कूड़ा कई दिनों तक सड़ रहा है।
जिले के प्रत्येक गांव के सूखे और गीले कूड़े के निस्तारण के लिए कूड़ेदान लगाए गए हैं। कूड़ेदानों का ग्रामीण इस्तेमाल भी कर रहे हैं लेकिन सल्मोड़ा वन चौकी, आईटीबीपी कैंप जाजरदेवल और नैनीताल मोटर्स के पास लगाए गए कूड़ेदानों से लंबे समय से कूड़ा नहीं उठाया जा सका है। इस कारण क्षेत्र के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहां फैल रही बदबू से लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। इन लोगों ने जिला प्रशासन से कूड़े का समय से निस्तारण की मांग की है।
थल पुराना स्टेशन में लगा गंदगी का अंबार
थल (पिथौरागढ़)। पुराना स्टेशन के पास कई जगह कूड़े के ढेर लगने से लोग परेशान हैं। पुराना स्टेशन क्षेत्र पिछले चार माह से झाड़ू नहीं लगा है। व्यापारी खुद ही कूड़े को साफ कर रहे हैं। बरसात में कूड़ा फैलने से संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है। शिव भूमि व्यापार मंडल के अध्यक्ष बबलू सामंत, उपाध्यक्ष गौरवदीप वर्मा, महासचिव मदन मोहन उपाध्याय ने वहां नियमित रूप से सफाई कराने की मांग की है।
सल्मोड़ा वन चौकी के पास लगाए कूड़ेदान में कई दिनों से जमा है कूड़ा। संवाद