चंपावत/टनकपुर। अमरू बैंड के पास एक डंपर अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। हादसे में चालक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना बुधवार 21 अक्तूबर की रात हुई। डंपर बेलखेत से टनकपुर की ओर आरबीएम लेकर जा रहा था। अमरू बैंड से करीब 500 मीटर आगे तीव्र मोड़ पर चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। इससे डंपर खाई में जा गिरा। हादसे में चालक नारायण सिंह (40) निवासी बेलखेत, चल्थी, चंपावत को हल्की चोटें आईं। सीओ देवेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस नियंत्रण कक्ष के माध्यम से सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों और राहगीरों की मदद से घायल चालक को बाहर निकाला गया। उसे उप जिला चिकित्सालय टनकपुर भेजा गया जहां उसका उपचार चल रहा है। कांस्टेबल कमलनाथ गोस्वामी, कुलदीप और आनंद नेगी ने राहत-बचाव कार्य में सहयोग किया।